हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया अभियान का शुभारंभ, स्वयं स्वच्छता अभियान में शामिल होकर दिया स्वच्छ एवं सुंदर फरीदाबाद का संदेश

Published On: October 2, 2026
Follow Us
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया अभियान का शुभारंभ, स्वयं स्वच्छता अभियान में शामिल होकर दिया स्वच्छ एवं सुंदर फरीदाबाद का संदेश

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बुढ़ैना, फरीदाबाद से GVP मुक्त अभियान का शुभारंभ किया गया। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय, वॉटर बूस्टर के पास आयोजित कार्यक्रम से अभियान की शुरुआत की और स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लेकर स्वच्छ एवं सुंदर फरीदाबाद का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुरू की गई यह विशेष मुहिम 2 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। इसके तहत फरीदाबाद में Garbage Vulnerable Point (GVP) यानी ऐसे कचरा संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर स्वच्छ किया जाएगा, जहां बार-बार कचरा जमा होता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया और स्वयं स्वच्छता के कार्यों में भाग लेकर समाज को प्रेरित किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। आज का GVP मुक्त अभियान भी अपने शहर के प्रति नागरिक कर्तव्य और सामूहिक जिम्मेदारी का अभियान है।

सिर्फ कचरा हटाना नहीं, स्थायी समाधान हमारा लक्ष्य: विपुल गोयल

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि GVP यानी Garbage Vulnerable Point ऐसे स्थान हैं, जहां बार-बार कचरा फेंके जाने से कूड़े का ढेर लग जाता है। सड़क के किनारे, खाली प्लॉट, नालों के आसपास अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जमा कचरा न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करता है, बल्कि गंदगी, बदबू और बीमारियों का कारण भी बनता है।

उन्होंने कहा कि केवल एक दिन किसी स्थान से कचरा उठा देना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। यदि आज सफाई करने के बाद अगले दिन उसी स्थान पर फिर कचरा जमा हो जाए तो अभियान का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। इसलिए GVP मुक्त अभियान के तहत नियमित सफाई, उचित कचरा निस्तारण, लगातार निगरानी, सौंदर्यीकरण और लोगों में जागरूकता पैदा करने पर एक साथ काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चिन्हित GVP पर नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। कचरे को Door to Door Collection व्यवस्था से जोड़ने, गीले और सूखे कचरे को अलग करने तथा उसके उचित निस्तारण पर जोर दिया जाएगा। साफ किए गए स्थानों पर दोबारा कचरा न डाला जाए, इसके लिए निगरानी और आवश्यकतानुसार नियमित निरीक्षण की व्यवस्था पर भी काम किया जाएगा।

कचरे वाली जगहों को सुंदर बनाने पर रहेगा जोर

Opposition should look at its own record before lecturing us on law and order – Chief Minister
हरियाणा विधानसभा में दिवंगत पूर्व विधायकों, शहीद जवानों और हादसों में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि

श्री विपुल गोयल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कूड़े के ढेर हटाना नहीं, बल्कि ऐसे स्थानों का स्वरूप बदलना भी है। जहां से कचरा हटाया जाएगा, वहां आवश्यकता और संभावनाओं के अनुसार पौधरोपण, दीवारों पर सुंदर चित्रकारी तथा अन्य सौंदर्यीकरण के प्रयास किए जाएंगे, ताकि जिस स्थान की पहचान पहले गंदगी से होती थी, वही स्थान स्वच्छता और सुंदरता का उदाहरण बने।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्वच्छता अभियान की सफलता लोगों की आदतों में बदलाव पर निर्भर करती है। नगर निगम प्रतिदिन सफाई कर सकता है, लेकिन यदि लोग दोबारा उसी स्थान पर कचरा डालेंगे तो समस्या बनी रहेगी। इसलिए इस अभियान में जनजागरूकता और जनभागीदारी को विशेष महत्व दिया गया है।

सफाई मित्र स्वच्छ फरीदाबाद के असली सिपाही

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सफाई कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जब शहर के अधिकांश लोग अपने घरों में होते हैं, उस समय सफाई मित्र सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को साफ करने में जुटे रहते हैं। गर्मी, सर्दी और बरसात की परवाह किए बिना उनका निरंतर योगदान शहर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने नागरिकों से सफाई मित्रों का सम्मान करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ फरीदाबाद की कल्पना उनके योगदान के बिना नहीं की जा सकती। सफाई कर्मचारियों के प्रति सम्मान और सहयोग का भाव प्रत्येक नागरिक में होना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ा: विपुल गोयल

श्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि स्वच्छता को किसी एक दिन या किसी एक अभियान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाए।

स्वच्छ भारत मिशन 2 अक्टूबर 2014 को शुरू किया गया था और इसमें व्यवहार परिवर्तन तथा जनभागीदारी को प्रमुख आधार बनाया गया।

Congress Comes to House with Pre-Decided Agenda, Relies on False Claims and Allegations – Chief Minister
कांग्रेस का एजेंडा पहले से तय, झूठ बोलना और आरोप लगाना ही इनका काम — मुख्यमंत्री

नागरिकों की भागीदारी के बिना अभियान अधूरा

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार और नगर निगम पूरी ताकत के साथ अपना दायित्व निभाएंगे, लेकिन किसी भी शहर को स्थायी रूप से स्वच्छ रखने के लिए वहां के नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने फरीदाबादवासियों से अपील की कि घर का कचरा सड़क, खाली प्लॉट अथवा सार्वजनिक स्थान पर फेंकने के बजाय केवल निर्धारित कूड़ा गाड़ी में दें। घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कम करें। उन्होंने RWA, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारियों और युवाओं से भी अपने आसपास के GVP को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने बच्चों को स्वच्छता का सबसे प्रभावी दूत बताते हुए कहा कि बच्चे अपने परिवार और आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

11 अक्टूबर के बाद भी जारी रहना चाहिए स्वच्छता का संकल्प

श्री विपुल गोयल ने कहा कि बुढ़ैना से शुरू हुआ यह अभियान 11 अक्टूबर तक फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचेगा, लेकिन स्वच्छता का संकल्प 11 अक्टूबर को समाप्त नहीं होना चाहिए। इसे शहर के प्रत्येक नागरिक की रोजमर्रा की आदत बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य ऐसा फरीदाबाद बनाना है जहां कोई भी स्थान बार-बार कचरा जमा होने की वजह से GVP न बने। इसके लिए प्रशासन, नगर निगम, सामाजिक संस्थाओं और प्रत्येक नागरिक को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।

कार्यक्रम में रही गणमान्य लोगों की उपस्थिति

खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, पीएम के साथ कार्यक्रम का सफल आयोजन

इस अवसर पर मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, पार्षद सचिन शर्मा, अजीत नंबदार, पार्षद मुकेश अग्रवाल, ज्योति सिलार, कमिश्नर यशेंद्र सिंह, पार्षद कुलदीप साहनी, मदन चेयरमैन, बिरेंद्र, मोनू भाई जी, चाचा भरत, चाचा रणजीत, सुरेश चंदिला, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मनीष राघव, यशवंती मलिक एवं मंडल पदाधिकारी शुभांकित गुप्ता उपस्थित रहे।

इसके साथ ही मिशन जागृत संस्थापक प्रवेश मलिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक गौतम, जिलाध्यक्ष दिनेश राघव, हिमांशु भट्ट, रविंद्र मलिक, गोपाल शर्मा, वजीर डागर, प्रवीण चौधरी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों की भी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया गया। नागरिकों ने अपने घर, गली, मोहल्ले और फरीदाबाद को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने तथा सफाई मित्रों का सम्मान करने का संकल्प लिया।

कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर स्वच्छता को अपने व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सार्थक श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने फरीदाबादवासियों से GVP मुक्त अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने और स्वच्छ फरीदाबाद के संकल्प को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

" target="_blank" rel="nofollow noreferrer noopener">