झज्जर, 30 अप्रैल।
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल के मार्गदर्शन में ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत पांडुलिपि सर्वेक्षण कार्य को गति देने के उद्देश्य से गुरुवार से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हो चुकी है। जिला परिषद के सीईओ मनीष फोगाट ने बताया कि जिले में उपलब्ध पांडुलिपियों के व्यवस्थित और समयबद्ध सर्वेक्षण को लेकर जिलाभर में आगामी 16 जून तक अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान को लेकर 1 मई तक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न ब्लॉकों के कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से सर्वेक्षण की प्रक्रिया का तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अभियान के तहत लाइब्रेरी, धार्मिक स्थलों, ट्रस्ट, निजी स्वामित्व और गुरुकुलों में संरक्षित पांडुलिपियों का डिजिटल सर्वेक्षण किया जाएगा। गुरुवार को आयोजित प्रशिक्षण सत्र में प्रातः 11 बजे झज्जर एवं बेरी ब्लॉक तथा दोपहर 2 बजे से बादली, माछरौली एवं बहादुरगढ़ ब्लॉक के कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही मातनहेल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में मातनहेल एवं साल्हावास ब्लॉक के कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया गया।
जिला परिषद के सीईओ मनीष फोगाट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सर्वेक्षण कार्य की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ इसे निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान ऑडियो-वीडियो, इंटरनेट, लैपटॉप सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित हो सके।
सीईओ ने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए पांडुलिपि सर्वेक्षण कार्य को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दें।













