NEET Paper Leak Case: नीट पेपर लीक मामले में देश भर के कई राज्यों से गिरफ्तारी हुई है। बिहार, राजस्थान और यूपी के बाद अब इस मामले में हरियाणा का लिंक भी सामने आ रहा है। जांच एजेंसियों के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गुरुग्राम का नाम प्रमुख ट्रांजिट पॉइंट के रूप में सामने आया है।
जांच रिपोर्टों की माने तो नासिक की एक प्रिंटिंग प्रेस से पेपर की फिजिकल कॉपी लीक हुई थी, जिसे गुरुग्राम लाया गया। इसको लेकर दावा किया जा रहा है कि कॉपियां गुरुग्राम में एक डॉक्टर तक भी पहुंचाई गई। गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में इस पेपर के कई डुप्लीकेट सेट तैयार किए गए।
वहीं दूसरी ओर दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पेपर लीक मामले में गुरुग्राम- दिल्ली बॉर्डर से सटे महिपालपुर (दिल्ली) से डॉक्टर अखलाक अहमद को गिरफ्तार किया गया था। अखलाक ने किर्गिस्तान से MBBS की पढ़ाई की है। अखलाक इस पेपर लीक में क्या रोल है, इसकी जांच की जा रही है।
नीट परीक्षा घोटाले में डॉ अखलाक का रोल
दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि एमबीबीएस में फर्जी तरीके से एडमिशन कराने के मामले में 3 मई को दिल्ली के महिपालपुर से डॉ. अखलाक अहमद को अरेस्ट किया था। इसके अलावा 2 अन्य लोगों को भी पकड़ा गया था। बताया जा रहा है कि डॉ. अखलाक ने किर्गिस्तान से एमबीबीएस करने के बाद अब भारत में मेडिकल प्रैक्टिस करने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए अखलाक नेशनल मेडिकल काउंसिल की परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था। डॉ. अखलाक फर्जी नीट पेपर बनाने में भी माहिर है।
वहीं सामने आयी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गुरुग्राम के एक अन्य डॉक्टर के पास भी ये लीक पेपर पहुंचा था। हालांकि अभी इसकी जांच की जा रही है कि गुरुग्राम का यह डॉक्टर अखलाक अहमद ही इस रैकेट में शामिल है या कोई अन्य डॉक्टर इससे जुड़ा था।









