Haryana: हरियाणा के बुजुर्गों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। हरियाणा सरकार ‘प्रहरी’ योजना के तहत प्रदेशभर में 1,000 स्वयंसेवक तैनात करेगी जो बुजुर्गों के घर जाकर हालचाल लेंगे और आपात स्थिति में तुरंत मदद दिलाएंगे। जानकारी के मुताबिक, योजना का सीधा लाभ हरियाणा के 3 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा — खासकर उन्हें जिनके परिजन दूर शहरों या विदेश में हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी और करनाल में ‘वरिष्ठ नागरिक सेवा आश्रम’ तैयार, 14 और नए स्थान चिन्हित — 14 शहरों में डे-केयर सेंटर पहले से चालू।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘प्रहरी’ योजना को राज्यव्यापी विस्तार देते हुए 1,000 स्वयंसेवकों की तैनाती और अलग बजट प्रावधान का फैसला किया है। यह योजना मूलतः 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 80 साल से ऊपर के बुजुर्गों के लिए शुरू की थी। अब इसके दायरे में प्रदेश के 3 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक आएंगे — विशेष रूप से वे जो अकेले रहते हैं और जिनके बच्चे रोजगार या पढ़ाई के कारण दूर बस गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, मैदान में उतरने वाले ये स्वयंसेवक केवल हालचाल पूछने तक सीमित नहीं रहेंगे। बीमारी या किसी आपात स्थिति में ये एंबुलेंस बुलाने से लेकर अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तक हर मोर्चे पर तत्पर रहेंगे। सरकार ने इस काम में रिटायर्ड सरकारी कर्मचारियों को भी शामिल करने का निर्णय लिया है, जो अपनी दूसरी पारी में समाजसेवा का जज्बा रखते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, रोहतक, गुरुग्राम, भिवानी और पंचकूला समेत प्रदेश के 14 प्रमुख शहरों में डे-केयर सेंटर पहले से संचालित हैं, जहां बुजुर्गों को दिन के वक्त अपनी हमउम्र संगत के साथ समय बिताने का मौका मिलता है। स्थायी आवास के लिए रेवाड़ी और करनाल में ‘वरिष्ठ नागरिक सेवा आश्रम’ बनकर तैयार हो चुके हैं और 14 नए स्थान भी चिन्हित किए गए हैं। पानीपत और अंबाला में रेडक्रॉस सोसाइटी, तो पंचकूला में श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड का आधुनिक वृद्धाश्रम बेसहारा बुजुर्गों की बड़ी उम्मीद बना हुआ है।









