सिरसा, 22 अप्रैल।
जिले में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को जिला में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान के अंतर्गत राजकीय आईटीआई सिरसा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानियां व राजकीय गल्र्स हाई स्कूल खारिया में विद्यार्थियों को स्व-गणना अभियान में योगदान के लिए प्रेरित किया। गांव फरवाई के राजकीय स्कूल बच्चों ने जनगणना-2027 पर आधारित पेंटिंग बना कर स्व-गणना का संदेश दिया।
डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि स्व-गणना बहुत ही आसान प्रक्रिया है। इसे अपने मोबाइल या कम्प्यूटर से आसानी कर सकते हैं। कुछ ही स्टेप्स में यह प्रक्रिया पूरी हो जाती है। नागरिक एसईडॉटसेंससडॉटजीओवीडॉटइन पोर्टल के माध्यम से सुरक्षित रूप से अपने परिवार का डाटा दर्ज कर सकते हैं। यह पोर्टल 16 अप्रैल से शुरू हो चुका है और निर्धारित अवधि तक उपलब्ध रहेगा। उन्होंने बताया कि सफलतापूर्वक फॉर्म जमा करने पर प्रत्येक परिवार को एक यूनिक 11 अंकों की स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे बाद में सत्यापन के दौरान जनगणना प्रगणक को दिखाना होगा। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए पहले मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा और लगभग 33 प्रश्नों के उत्तर देकर 15 से 20 मिनट में प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इससे घर-घर जाकर होने वाली जनगणना के दौरान लंबी पूछताछ से भी राहत मिलेगी।
सहायक ललित कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल तक स्व-गणना प्रक्रिया में भाग लेकर जनगणना कार्य में सहयोग करें। आमजन आधुनिक और सरल प्रक्रिया का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय रहते स्व-गणना कर जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
स्कूलों की प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों को किया जा रहा प्रेरित और ग्राम स्तर पर भी चलाया जा रहा है अभियान
जिले में जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्कूलों की प्रार्थना सभाओं के दौरान विद्यार्थियों को स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। उन्हें प्रेरित किया जा रहा है कि वे अपने अभिभावकों को भी स्व-गणना के लिए जागरूक करें और इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें। इसके साथ ही ग्राम स्तर पर भी जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्व-गणना की सरल और सुरक्षित प्रक्रिया के बारे में जानकारी देकर अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।









