झज्जर जिला में 9 से 17 अगस्त तक दिखेगा देशभक्ति का रंग
वंदे मातरम् अभियान को जनआंदोलन बनाने की तैयारी
13-14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होंगे विशेष आयोजन
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश, हर घर तक तिरंगा पहुंचाने और व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर
बहादुरगढ़, 07 अगस्त
हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक झज्जर जिला देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आएगा। उन्होंने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक जिला के प्रत्येक घर, सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थान और प्रतिष्ठान पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। गांव हो या शहर, हर घर पर तिरंगा लहराए, यही जिला प्रशासन का लक्ष्य है।
डीसी वर्षा खांगवाल शुक्रवार को मुख्य सचिव हरियाणा के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद अधिकारियों की बैठक में हर घर तिरंगा, वंदे मातरम् अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और गणमान्य नागरिकों को साथ लेकर इन अभियानों को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाए।
हर घर तक पहुंचेगा तिरंगा, सम्मान के साथ फहराने के लिए किया जाएगा प्रेरित
डीसी ने कहा कि अभियान के तहत नागरिकों को अपने घर, कार्यालय, प्रतिष्ठान और संस्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाए। राजस्व विभाग के अधिकारी और पटवारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। सरकारी भवनों पर भी ध्वज संहिता के अनुरूप राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
विभाजन की पीड़ा और इतिहास से रूबरू होंगे युवा
13 और 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धांजलि सभाओं, कैंडल मार्च, संवाद कार्यक्रमों, अनुभव साझा सत्रों और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को देश के इतिहास एवं विभाजन की त्रासदी से अवगत कराया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करना है।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में गूंजेगा देशभक्ति का संदेश
अभियान के दौरान स्कूलों और महाविद्यालयों में व्याख्यान, विचार गोष्ठियां, निबंध, भाषण, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही तिरंगा यात्राएं, साइकिल व बाइक रैलियां, वंदे मातरम् आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा रंगोली, प्रदर्शनी और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ जैसी गतिविधियों के जरिए आमजन को अभियान से जोड़ा जाएगा।
राष्ट्रीय ध्वज की जानकारी बढ़ाएगी ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी
डीसी ने युवाओं और विद्यार्थियों से 15 सितंबर तक आयोजित राष्ट्रीय ध्वज ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में अधिक से अधिक भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रश्नोत्तरी के माध्यम से युवा राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, ध्वज संहिता और राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर सकेंगे।
तिरंगे के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश
डीसी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को भी गति दी जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लघु सचिवालय में मिलेगा तिरंगा, राशन डिपो पर भी होगी व्यवस्था
आमजन को आसानी से राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने के लिए लघु सचिवालय परिसर में स्वयं सहायता समूह के सहयोग से तिरंगा सेल काउंटर स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा बीपीएल परिवारों के लिए जिले की सभी सरकारी राशन दुकानों पर निर्धारित शुल्क के साथ तिरंगा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां, मांगी जाएगी गतिविधियों की रिपोर्ट
डीसी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए कार्यक्रमों का समयबद्ध और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करें। प्रत्येक गतिविधि की रिपोर्ट जिला प्रशासन को समय पर उपलब्ध कराने के साथ विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् अभियान को जिला में भव्य, प्रभावी और यादगार बनाया जाए।
बैठक में एडीसी जगनिवास, एसडीएम अभिनव सिवाच, सीटीएम रितु, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








