यमुनानगर: हरियाणा की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। सस्पेंडेड कांग्रेस विधायक रेनू बाला के पति ऋषि पाल शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। उन्होंने यमुनानगर के व्यासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि ऋषि पाल ने बीजेपी की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जताते हुए पार्टी जॉइन की है। ऋषि पाल पेशे से इंजीनियर और क्षेत्र में प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति माने जाते हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब रेनू बाला, जो कि सदौरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं, पहले ही अप्रैल में कांग्रेस द्वारा राजसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के चलते निलंबित की जा चुकी हैं। राजनीतिक रूप से यह इलाका लंबे समय से चर्चाओं में रहा है, क्योंकि रेनू बाला का राजनीतिक सफर स्वतंत्र उम्मीदवार से शुरू होकर कई दलों तक पहुंचा है।
बीजेपी में शामिल होने के बाद ऋषि पाल के कदम को क्षेत्रीय राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने सदौरा क्षेत्र के विकास के लिए मांग पत्र भी सौंपा, जिसके आधार पर मुख्यमंत्री ने 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री सैनी ने इस अवसर पर कहा कि सरकार अपने वादों के अनुसार काम कर रही है और अब तक 25,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। इस कार्यक्रम में कई मंत्री, विधायक, अधिकारी और बीजेपी नेता मौजूद रहे।









