सिरसा: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम 16वीं बार जेल से पैरोल पर बाहर आ गया है। साध्वी यौन शोषण के मामले में राम रहीम जेल में 20 साल की सजा काट रहा है। हरियाणा सरकार की सक्षम प्राधिकरण की मंजूरी के बाद उन्हें 30 दिन की पैरोल दी गई है। साल 2017 में दोषी ठहराए जाने के बाद राम रहीम की यह 16वीं पैरोल है जिसमें वो जेल से बाहर आया है।
सोमवार सुबह करीब 6 बजकर 34 मिनट पर राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर निकला। इस दौरान जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था सामान्य दिखाई दी और भारी पुलिस तैनाती नजर नहीं आई। उसके वकील जितेंद्र खुराना ने पैरोल की पुष्टि करते हुए कहा कि राज्य की सक्षम अथॉरिटी ने 30 दिन की पैरोल मंजूर की है। वकील ने बताया कि पैरोल के दौरान राम रहीम सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में रहेगा।
राम रहीम को अगस्त 2017 में साध्वी यौन शोषण मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सुनारिया जेल भेजा गया था। उसे दो साध्वियों से दुराचार मामले में 10-10 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। तब से अब तक उसको बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। इसी साल जनवरी में भी उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी और 15 फरवरी को वह वापस जेल लौट गया था।









