Haryana News: हरियाणा सरकार ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत देते हुए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा शुरू की है। अब आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में भाग लेने वाले उम्मीदवार परीक्षा के दिन हरियाणा रोडवेज की बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगे।
इस संबंध में मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से 13 जून को आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं। शनिवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की।

किन परीक्षाओं पर मिलेगी सुविधा?
सरकार के आदेश के अनुसार यह सुविधा HSSC द्वारा आयोजित सभी प्रकार की भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं पर लागू होगी। इनमें लिखित परीक्षा, स्किल टेस्ट, फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT), फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (PST) शामिल हैं।
अभ्यर्थियों को यह सुविधा केवल परीक्षा या टेस्ट के निर्धारित दिन ही उपलब्ध होगी।
युवाओं को होगा लाभ
सरकार के इस फैसले से विशेष रूप से ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले उम्मीदवारों को राहत मिलेगी। भर्ती परीक्षाओं के दौरान यात्रा खर्च का बोझ कम होने से हजारों अभ्यर्थियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
पुलिस भर्ती के उम्मीदवारों को भी मिलेगा फायदा
वर्तमान में हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल के लगभग 5,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इस भर्ती की लिखित परीक्षा अभी आयोजित की जानी है। ऐसे में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को इस नई सुविधा का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।














