हरियाणा में 13 एकड़ में बनेगा आईडीटीआर, हर वर्ष हजारों प्रशिक्षित चालक होंगे तैयार – अनिल विज

Published On: August 4, 2026
Follow Us

चंडीगढ़, 4 अगस्त – हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, कुशल चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में हरियाणा सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में अंबाला जिले के गांव शाहपुर में अत्याधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल (आईडीटीआर) स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में आज परिवहन विभाग और मैसर्ज अशोक लीलेण्ड के बीच समझौता किया गया।

श्री विज ने बताया कि यह संस्थान लगभग 13 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जाएगा, जिसे हरियाणा सरकार और ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर (ओईएम) मैसर्ज अशोक लेलैंड लिमिटेड के सहयोग से विकसित किया जाएगा। यह संस्थान भारी मोटर वाहन (एचएमवी) तथा हल्के मोटर वाहन (एलएमवी) चालकों को वैज्ञानिक, अनुशासित एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा।

*चालकों के लिए फ्रेशर ट्रेनिंग कोर्स संचालित किए जाएंगे – विज*

श्री विज ने बताया कि संस्थान में भारी मोटर वाहन (एचएमवी) तथा हल्के मोटर वाहन (एलएमवी) के चालकों के लिए फ्रेशर ट्रेनिंग कोर्स संचालित किए जाएंगे, जिससे नए आवेदक उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्राप्त कर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे। इसके साथ ही, पहले से लाइसेंसधारी चालकों के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण, लाइसेंस नवीनीकरण से संबंधित प्रशिक्षण तथा ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि उनके कौशल को समय-समय पर अद्यतन किया जा सके।

*संस्थान में गुडस कैरिज तथा हजार्डयज गुडस का परिवहन करने वाले चालकों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी- विज*

Sports competitions organized at PTC Sunaria to mark National Sports Day.
पी.टी.सी. सुनारियां में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

उन्होंने कहा कि संस्थान में मालवाहक (गुडस कैरिज) तथा खतरनाक पदार्थ (हजार्डयज गुडस) का परिवहन करने वाले चालकों के लिए भी विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें सुरक्षा मानकों, आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव, वाहन संचालन की विशेष तकनीकों तथा कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। इससे न केवल परिवहन क्षेत्र में दक्ष मानव संसाधन तैयार होगा, बल्कि सड़क सुरक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी और हरियाणा सुरक्षित एवं आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाएगा।

*प्रशिक्षित और जिम्मेदार चालक ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था की आधारशिला हैं- विज*

परिवहन मंत्री ने बताया कि इस संस्थान की स्थापना का मुख्य उद्देश्य हरियाणा सरकार के सड़क सुरक्षा विजन को साकार करना तथा चालकों के कौशल स्तर को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित और जिम्मेदार चालक ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था की आधारशिला हैं। इसलिए संस्थान में वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से चालकों में यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता, अनुशासित ड्राइविंग और जिम्मेदार व्यवहार को विशेष रूप से विकसित किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने में मदद मिलेगी।

*अंबाला के साथ-साथ यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, जींद सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों के युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण- विज*

पनिवहन मंत्री ने कहा कि गांव शाहपुर, जिला अंबाला में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईडीटीआर) की स्थापना होने से केवल अंबाला ही नहीं, बल्कि यमुनानगर, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, जींद सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों के युवाओं एवं चालकों को आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे अंबाला क्षेत्र आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि आईडीटीआर का उद्देश्य केवल ड्राइविंग सिखाना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार और प्रशिक्षित चालक तैयार करना है, जो सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक हों और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की आवश्यकताओं को पूरा कर सकें।

Jio strengthens grip on home broadband; holds over 70% share in 5G wireless – TRAI
होम ब्रॉडबैंड में जियो की पकड़ मजबूत, 5G वायरलेस में 70% से ज्यादा हिस्सेदारी – ट्राई

*विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा संस्थान – विज*

परिवहन मंत्री ने बताया कि संस्थान में आधुनिक डिजिटल एसी कक्षाएं, अत्याधुनिक ड्राइविंग सिम्युलेटर, इंजन एवं ट्रांसमिशन की लाइव डेमोंस्ट्रेशन सुविधा, कट-सेक्शन मॉडल रूम, मेडिकल रूम, पुस्तकालय, कैंटीन, योग कक्ष तथा बाहरी राज्यों से आने वाले प्रशिक्षुओं के लिए छात्रावास जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि संस्थान में प्रतिवर्ष लगभग 2,000 नए चालकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि 20,000 चालकों को रिफ्रेशर ट्रेनिंग प्रदान की जाएगी, जिससे उनके ड्राइविंग कौशल में निरंतर सुधार होगा।

*आधुनिक प्रशिक्षण ट्रैक पर मिलेगा वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव – विज*

विज ने बताया कि संस्थान में आधुनिक प्रशिक्षण ट्रैक विकसित किए जाएंगे, जिनमें 8-बेंड, एस-बेंड, हेयरपिन बेंड, हंप एरिया, रिवर्स पार्किंग, एच-बेंड तथा वी-बेंड जैसी संरचनाएं शामिल होंगी। इन ट्रैकों पर प्रशिक्षण प्राप्त कर चालक वास्तविक सड़क परिस्थितियों में सुरक्षित एवं दक्ष ड्राइविंग का अनुभव हासिल करेंगे।

*युवाओं को मिलेगा रोजगार, सड़क दुर्घटनाओं में आएगी कमी – विज*

गुरुग्राम मेट्रो विस्तार ने पकड़ी रफ्तार, पहले 160 टन वजनी यू-गर्डर को सफलतापूर्वक किया लिफ्ट
गुरुग्राम मेट्रो विस्तार ने पकड़ी रफ्तार, पहले 160 टन वजनी यू-गर्डर को सफलतापूर्वक किया लिफ्ट

परिवहन मंत्री ने कहा कि यह संस्थान विशेष रूप से युवाओं तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि परिवहन क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक ड्राइविंग प्रशिक्षण, यातायात अनुशासन तथा सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार को बढ़ावा देकर यह संस्थान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में भी अहम योगदान देगा।

*हरियाणा को मिलेगा आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण का नया केंद्र- विज*

अनिल विज ने कहा कि आईडीटीआर, अंबाला हरियाणा में कुशल मानव संसाधन विकास, सड़क सुरक्षा और रोजगार सृजन के क्षेत्र में एक नया अध्याय सिद्ध होगा। यह संस्थान राज्य में आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण का उत्कृष्ट केंद्र बनेगा तथा परिवहन क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार चालक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

गौरतलब है कि परिवहन मंत्री श्री अनिल विज की अगुवाई में परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए परिवहन विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। शाहपुर में स्थापित होने वाला यह संस्थान उसी दूरदर्शी सोच का एक महत्वपूर्ण परिणाम है, जो राज्य के युवाओं, परिवहन उद्योग और आम नागरिकों के लिए समान रूप से लाभकारी सिद्ध होगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment